15 अप्रैल चम्बा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर ट्रक यूनियन बालू के समीप की गई।
जानकारी के अनुसार, स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम एएसआई परमेश शर्मा की अगुवाई में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 10.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार (25) निवासी गांव चौभिया, डाकघर सेरकाओ, तहसील भरमौर, जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना चम्बा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।