सरकाघाट छात्रा हत्याकांड: गेहूं के खेत में छिपा आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

15 अप्रैल: मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में छात्रा हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। वारदात के बाद फरार आरोपी को कुछ ही घंटों में ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, नैण गांव के पास गेहूं के खेतों में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने पर ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव सूद और एसएचओ रजनीश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय आरोपी को लोगों ने पकड़ रखा था और भारी भीड़ मौके पर जमा थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि घटना के करीब साढ़े तीन घंटे के भीतर ही आरोपी को घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूरी पर पकड़ लिया गया।

मौके पर मौजूद लोगों को शांत करते हुए डीएसपी संजीव सूद ने निष्पक्ष जांच और आरोपी को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील भी की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था, हालांकि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि सोमवार को नैण गांव की 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया कॉलेज के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *