5 मई: बिलासपुर स्थित AIIMS एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला पर अस्पताल के वार्ड के भीतर ही एक व्यक्ति ने छूरी से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार घायल महिला अंजु कुमारी, जो गांव धाड़त, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर की निवासी हैं, अपने बीमार पिता के साथ अस्पताल में ठहरी हुई थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति, जो एक अन्य महिला के साथ तीमारदार के रूप में वहां आया था, ने अचानक उन पर फल-सब्जी काटने वाली छूरी से हमला कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने बिना किसी उकसावे के उन पर वार किया और उनके पिता पर भी हमला करने का प्रयास किया, जबकि उनका आरोपी से कोई पूर्व विवाद नहीं था।
घटना के बाद घायल महिला को तुरंत उपचार दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।