एचपीयू में विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग तिथियां घोषित, एमसीए समेत कई कोर्सों की कटऑफ जारी

4 जुलाई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। एमसीए, एमए समाजशास्त्र, एमए आर्कियोलॉजी एंड एंशिएंट हिस्ट्री तथा एमए एजुकेशन पाठ्यक्रमों के लिए काउंसिलिंग निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां साथ लाने के निर्देश दिए हैं।

कम्प्यूटर साइंस विभाग के अनुसार एमसीए की सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 9 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विभाग परिसर में होगी। ओपन टू ऑल एवं एचपीयू जनरल श्रेणी के लिए न्यूनतम 50 अंक, एससी के लिए 42, एसटी के लिए 38, सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए 40, ईडब्ल्यूएस के लिए 44, पीडब्ल्यूडी के लिए 35 तथा स्पोर्ट्स और कल्चर श्रेणी के लिए 40 अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, मैट्रिक, 10+2, स्नातक के सभी वर्षों के प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र, हिमाचली बोनाफाइड सहित अन्य आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी। अन्य विश्वविद्यालयों से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने का प्रमाणपत्र या कन्वर्जन फॉर्मूला भी प्रस्तुत करना होगा। स्पोर्ट्स और कल्चर श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।

समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग ने एमए समाजशास्त्र में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 7 जुलाई को सुबह 10:30 बजे विभाग परिसर में निर्धारित की है। ओपन एवं एचपीयू जनरल श्रेणी के लिए 62 अंक, एससी के लिए 57, एसटी के लिए 54, पीडब्ल्यूडी के लिए 35, स्पोर्ट्स के लिए 51 और ईडब्ल्यूएस के लिए 47 अंक कटऑफ तय की गई है। वहीं कल्चरल और सिंगल गर्ल चाइल्ड श्रेणी में जनरल अभ्यर्थियों के लिए 40 तथा एससी/एसटी के लिए 35 अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

पुरातत्व एवं प्राचीन इतिहास विभाग में एमए आर्कियोलॉजी एंड एंशिएंट हिस्ट्री की काउंसिलिंग 9 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक इतिहास विभाग में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र, आवश्यक मूल दस्तावेज, उनकी प्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। जिन अभ्यर्थियों की पढ़ाई में शैक्षणिक अंतराल रहा है, उन्हें संबंधित तहसीलदार द्वारा जारी शपथपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

वहीं शिक्षा विभाग ने एमए एजुकेशन में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 6 जुलाई को सुबह 10:30 बजे विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित करने की घोषणा की है। सभी अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्हें ऑनलाइन आवेदन पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आवश्यक दस्तावेज तथा उपलब्ध होने पर बीएड प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। काउंसिलिंग के समय प्रत्येक अभ्यर्थी को 200 रुपये का शुल्क नकद जमा करवाना होगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *