27 जून : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी), डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रवेश परीक्षा के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग और साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बी.के. शिवराम ने बताया कि काउंसिलिंग प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। नियमित कक्षाएं 27 जुलाई से प्रारंभ होंगी। वहीं, सभी नॉन-सबसिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 18 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सामान्य प्रवेश की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि कुलपति की विशेष अनुमति से 31 जुलाई तक दाखिले लिए जा सकेंगे।
एचपीयू ने यह भी स्पष्ट किया है कि खराब मौसम, भूस्खलन, सड़कों के बंद होने या अन्य किसी अपरिहार्य कारण से यदि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं, तो उन्हें ऑनलाइन माध्यम से काउंसिलिंग में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित न रहे।