टांडा मेडिकल कॉलेज में पानी का संकट, इलेक्टिव सर्जरी फिलहाल स्थगित

27 जून : हिमाचल प्रदेश के डॉ. राजेंद्र प्रसाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) में साफ और ट्रीटेड पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने इलेक्टिव (गैर-आपातकालीन) सर्जरी अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। हालांकि, इमरजेंसी और जान बचाने वाली सभी सर्जरी पहले की तरह जारी रहेंगी।

अस्पताल के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार अस्पताल को प्राप्त पानी मानव उपयोग के योग्य नहीं था। शुक्रवार शाम से पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण अस्पताल के नियमित कार्यों और विशेष रूप से ऑपरेशन थिएटर की सेवाओं पर असर पड़ा है।

एनेस्थीसिया विभाग ने प्रशासन को अवगत कराया कि साफ और ट्रीटेड पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से ऑटोक्लेविंग के माध्यम से सर्जिकल उपकरणों का स्टरलाइजेशन संभव नहीं हो पा रहा है। इससे ऑपरेशन थिएटर में उपयोग होने वाले उपकरणों की सुरक्षित सफाई और प्रोसेसिंग प्रभावित हुई है। मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण के मानकों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल केवल आपातकालीन और जीवनरक्षक सर्जरी करने का निर्णय लिया गया है।

अस्पताल प्रशासन ने सभी सर्जिकल विभागों को प्रभावित मरीजों को सर्जरी स्थगित होने की सूचना देने तथा सामान्य सेवाएं बहाल होने पर उन्हें नई तिथि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच अस्पताल प्रशासन ने जल शक्ति विभाग से मामले को उठाते हुए साफ, पेय एवं ट्रीटेड पानी की नियमित आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओपीडी, भर्ती मरीजों की सेवाएं, लेबर रूम, आईसीयू तथा अन्य सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। अस्पताल ने मरीजों और उनके परिजनों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि सुरक्षित जलापूर्ति बहाल होते ही नियमित सर्जिकल सेवाएं तुरंत शुरू कर दी जाएंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *