19 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को जिला ऊना के दौरे पर रहेगी। इस दौरान सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में ऑडिट पैराग्राफ, विभागों की कार्यप्रणाली और पिछले तीन वर्षों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
समिति के दौरे की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शनिवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समीक्षा के लिए आवश्यक आंकड़े और रिपोर्ट 19 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
एडीसी ने अधिकारियों को ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने तथा उनमें सभी आवश्यक विवरण शामिल करने को कहा, ताकि समिति के समक्ष समीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) से संबंधित ऑडिट पैराग्राफ पर भी चर्चा होगी।
बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।