ऊना में सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम की मौत, स्कूल से लौटते समय बाइक ने मारी टक्कर

8 मई : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल के अगलौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा अपनी माता के साथ स्कूल से घर लौट रहा था। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक बच्चे की पहचान वेदांश पुत्र संजीव कुमार निवासी तलेहड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वेदांश स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपनी माता के साथ पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान अगलौर के पास सड़क पर तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत बंगाणा अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, पास की एक दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने बाइक का नंबर नोट कर लिया।

एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *