रिटायरमेंट से पहले दर्दनाक अंत: सोलन में 250 फीट खाई में गिरा PWD का बुलडोजर, चालक की मौत

8 मई: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में  एक दर्दनाक हादसा पेश आया। कसौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़वा के तहत जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) का एक बुलडोजर अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि बुलडोजर के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहायक सुरक्षित बच गया।

मृतक चालक की पहचान गोपाल दास निवासी करली, शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे सड़क किनारे की जमीन अचानक धंस गई, जिससे बुलडोजर संतुलन खो बैठा और नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, गोपाल दास इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे। परिवार में उनकी रिटायरमेंट की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

एसपी टीएसडी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *