ऊना के लालसिंगी में भीषण आग: 40 झुग्गियां जलकर राख, मजदूर बेघर

25 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लालसिंगी क्षेत्र में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। पुराना होशियारपुर रोड स्थित इलाके में लगी आग ने प्रवासी मजदूरों की करीब 40 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनका आशियाना और पूरा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय अधिकतर मजदूर काम पर गए हुए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में सभी झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। पीड़ितों ने बताया कि उनके रोजमर्रा के उपयोग का सारा सामान आग में नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ऑफिसर सुरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, डीएसपी अजय ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *