25 अप्रैल हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के त्यूड़ी गांव में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश युवकों ने शराब के ठेके पर धावा बोलकर सेल्समैन को बंधक बनाया और नकदी, शराब की बोतलें व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विनोद कुमार (निवासी चनौर, जिला कांगड़ा), जो ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है, ने बताया कि वीरवार रात करीब 10:45 बजे वह रोजाना की तरह हिसाब-किताब कर रहा था। तभी मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार चार युवक वहां पहुंचे, जिनके चेहरे ढके हुए थे।
बीयर मांगने के बहाने दो युवक ठेके के अंदर घुस गए। उनमें से एक ने धारदार हथियार दिखाकर उसे धमकाया, जबकि दूसरे ने उसे कुर्सी पर बैठाकर काबू में रखा। इसी दौरान तीसरा युवक अंदर आकर गल्ले से करीब 35 हजार रुपये नकद, 8 शराब की बोतलें और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया, जबकि चौथा युवक बाहर निगरानी करता रहा।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने एएसपी सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।