31 अगस्त: हिल व्यू को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी, झलेड़ा निवासी प्रतिभाशाली छात्रा अन्वी शर्मा ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल की है। अपनी बेहतरीन मेरिट के आधार पर अन्वी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा, कांगड़ा में MBBS पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है।
अन्वी की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे ऊना जिले में खुशी का माहौल है। अन्वी वरिष्ठ पशु चिकित्सक दंपति डॉ. मनोज शर्मा और डॉ. दीपिका भारती जोशी की बेटी हैं। उनके पिता डॉ. मनोज शर्मा वेटरनरी सर्जन एवं सोनोलॉजिस्ट हैं, जबकि उनकी माता डॉ. दीपिका भारती जोशी भी समर्पित पशु चिकित्सक हैं। माता-पिता के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े होने के कारण अन्वी के मन में भी बचपन से ही चिकित्सा के क्षेत्र में जाने की इच्छा रही।
NEET की तैयारी के दौरान अन्वी ने प्रतिदिन करीब 14 से 16 घंटे नियमित और अनुशासित अध्ययन किया। उन्होंने NCERT की पुस्तकों का गहन अध्ययन करने के साथ लगातार रिवीजन और मॉक टेस्ट का अभ्यास किया। पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया और अन्य distractions से दूरी बनाए रखकर उन्होंने अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।
अन्वी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्वयं के अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतरता और विषय की बुनियादी अवधारणाओं की स्पष्ट समझ NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
अन्वी की सफलता पर हिल व्यू को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी, झलेड़ा और पूरे ऊना जिले में खुशी की लहर है। परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। परिवार और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि अन्वी आगे चलकर एक उत्कृष्ट और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी।