भारी बारिश से कालका-शिमला रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त, 10 ट्रेनें रद्द

31 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गया है। शनिवार देर रात गुम्मा और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच तेज पानी के बहाव से पुलिया बह गई। इससे रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया और इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।

ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के बाद रेलवे प्रशासन ने रविवार को कालका-शिमला रेलमार्ग पर चलने वाली 5 अप और 5 डाउन ट्रेनों को रद्द कर दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक को दोबारा बहाल करने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद गुम्मा-टकसाल के बीच पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। तेज बहाव के कारण ब्रिज नंबर-57 की पुलिया बह गई और उसके ऊपर से गुजर रहा रेलवे ट्रैक हवा में लटक गया। ट्रैक की स्थिति को देखते हुए रेल संचालन रोकना पड़ा।

इससे पहले शनिवार को कोटी और टकसाल के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और पानी भरने की समस्या सामने आई थी। इसके चलते निचली ओर जाने वाली चार ट्रेनों को देर रात रद्द किया गया था। बाद में रेलवे टीम ने मौके पर निरीक्षण किया तो पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई।

कालका-शिमला रेलवे लाइन पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र है। छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक टॉय ट्रेन के जरिए शिमला पहुंचते हैं। ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार को पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

रेल बोर्ड अंबाला के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि गुम्मा-टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके चलते 5 अप और 5 डाउन ट्रेनों को रद्द किया गया है। यात्रियों को ट्रेनों के रद्द होने की सूचना दे दी गई है। रेलवे प्रशासन की टीम ट्रैक को जल्द बहाल करने के लिए मौके पर कार्य कर रही है।

रद्द ट्रेनें:

कालका से शिमला जाने वाली ट्रेनें: 52451 कालका-शिमला एक्सप्रेस 52459 कालका-शिमला हिमदर्शन 52455 हिमालयन क्वीन 52453 कालका-शिमला एक्सप्रेस 52459 कालका-शिमला एक्सप्रेस

शिमला से कालका जाने वाली ट्रेनें: 52452 शिमला-कालका एक्सप्रेस 52460 शिमला-कालका हिमदर्शन 52456 हिमालयन क्वीन 52454 शिमला-कालका एक्सप्रेस 52458 शिमला-कालका एक्सप्रेस

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *