13 जून : हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कारों के लिए सरकारी महाविद्यालयों के शिक्षकों और प्राचार्यों से नामांकन आमंत्रित किए हैं। निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. हरीश कुमार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों, संस्कृत महाविद्यालयों, एससीईआरटी सोलन तथा जीसीटीई धर्मशाला को पात्र शिक्षकों एवं प्राचार्यों के नाम प्रस्तावित करने को कहा गया है।
राज्य सरकार की नई नीति के तहत इस वर्ष कुल सात राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें पांच पुरस्कार सरकारी महाविद्यालयों के सहायक एवं सह-आचार्यों (फैकल्टी) तथा दो पुरस्कार प्राचार्यों को दिए जाएंगे।
नामांकन ई-मेल और हार्ड कॉपी दोनों माध्यमों से 25 जून तक भेजे जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया में शिक्षण उत्कृष्टता, नवाचार, शोध कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और संस्थान में योगदान जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा। प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद श्रेष्ठ 25 शिक्षकों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा।