दोपहर 1:30 बजे बजेगा मुकाबले का बिगुल, धर्मशाला में आमने-सामने होंगे भारत और अफगानिस्तान

13 जून : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आज  भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाले इस डे-नाइट मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि वनडे क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के खिलाफ बेहद मजबूत रहा है, फिर भी मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

मैच को देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ अफगानिस्तान से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक धर्मशाला पहुंच रहे हैं। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर समेत अन्य स्टार खिलाड़ी पहले ही धर्मशाला पहुंच चुके हैं। एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि मैच की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और एसोसिएशन एक और यादगार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है।

धर्मशाला में भारतीय टीम का प्रदर्शन भी प्रभावशाली रहा है। यहां टीम इंडिया ने अब तक पांच वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें तीन में जीत और दो में हार मिली है। धर्मशाला में अब तक कुल नौ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित हो चुके हैं। आखिरी वनडे मुकाबला वर्ष 2023 विश्व कप के दौरान न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था।

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक चार वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा। अफगानिस्तान अभी तक वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाया है।

मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा कि विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी की अनुपस्थिति जरूर महसूस होगी, लेकिन इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन अधिक से अधिक विकल्प तैयार करना चाहता है, जिसके तहत युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *