इंदौरा में विद्यालयों की कक्षाएं नए परिसरों में होंगी संचालित, विधायक मलेंद्र राजन ने किया निरीक्षण

30 जुलाई: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने राजकीय कन्या विद्यालय इंदौरा का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय इंदौरा के जर्जर भवन को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कक्षाओं के शीघ्र स्थानांतरण के निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि स्कूल शिक्षा निदेशक के आदेशों के अनुसार विद्यालयों के उपलब्ध ढांचे का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इसके तहत प्री-प्राइमरी से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई पूर्व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा परिसर में होगी, जबकि नौवीं से बारहवीं कक्षा तक की कक्षाएं राजकीय मॉडल सुंदर सिंह मल्हा सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में संचालित की जाएंगी।

उन्होंने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इंदौरा क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद विधायक ने इंदौरा पंचायत में निर्माणाधीन पार्क का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय संभाल, प्रधानाचार्य राम कृष्ण, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ लोक निर्माण विभाग राजीव बांदरल, जेई स्वाश शर्मा, जेई गुरजीत, पंचायत प्रधान सुरेश कुमार सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *