पंडोह डैम से छोड़ा जाएगा अतिरिक्त पानी, ब्यास नदी के किनारों से दूर रहने की अपील

30 जुलाई: पंडोह बांध (बीबीएमबी) में जलाशय में पानी की आवक बढ़ने के कारण अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन के अनुसार बांध से करीब 8,000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी ब्यास नदी में छोड़ा जाएगा, जिसके बाद नदी में कुल जल प्रवाह लगभग 30,000 क्यूसेक तक पहुंच जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि यदि जलाशय में पानी की आवक और बढ़ती है तो स्पिलवे गेटों के माध्यम से अतिरिक्त पानी भी छोड़ा जा सकता है। ऐसे में ब्यास नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।

प्रशासन ने आम जनता, पर्यटकों, श्रमिकों तथा नदी किनारे रहने वाले लोगों से ब्यास नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे, कैंप संचालकों और टैक्सी चालकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने यहां ठहरने या भ्रमण पर आए पर्यटकों को नदी के पास न जाने के लिए जागरूक करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पानी छोड़े जाने से पहले चेतावनी के रूप में हूटर और सायरन बजाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान ब्यास नदी के पास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *