15 सितंबर: युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रयासों के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) दौलतपुर में अशोक लीलैंड (हिंदुजा ग्रुप) यूएई एलएलसी की ओर से दो दिवसीय इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू हुई। 14 और 15 सितंबर को आयोजित किए जा रहे इन इंटरव्यू का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
रोजगार के इस अवसर को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन करीब 1000 युवाओं ने पंजीकरण करवाया, जबकि 800 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पूरे हो चुके हैं। इंटरव्यू प्रक्रिया 15 सितंबर को भी जारी रहेगी। विभिन्न राज्यों से पात्र युवा रोजगार की उम्मीद लेकर आईटीआई दौलतपुर पहुंचे।
मुख्य अतिथि आरएस बाली ने इंटरव्यू में भाग लेने पहुंचे युवाओं से संवाद किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। युवाओं को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास आज के समय में रोजगार के नए रास्ते खोल रहे हैं।
आरएस बाली ने कहा कि रोजगार महज नौकरी हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवा और उनके परिवार के भविष्य को मजबूत करने का जरिया है। प्रयास यह है कि हिमाचल के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े और उन्हें प्रदेश के साथ-साथ देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में भी अपनी योग्यता के अनुरूप अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि आईटीआई से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी रोजगार हासिल कर रहे हैं। राजकीय आईटीआई दौलतपुर जैसे संस्थान युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार रोजगार मेलों और इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। विकास पुरुष जीएस बाली बाल मेले के दौरान भी हर वर्ष रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें युवाओं को विभिन्न कंपनियों के साथ जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आईटीआई दौलतपुर में अशोक लीलैंड जैसी प्रतिष्ठित कंपनी की ओर से चयन प्रक्रिया आयोजित किया जाना भी इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
इस अवसर पर आरएस बाली ने विकास पुरुष जीएस बाली को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में उन्होंने राजकीय आईटीआई दौलतपुर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया था। आज यह संस्थान हजारों युवाओं को तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान कर उनके भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जीएस बाली की सोच हमेशा युवाओं को शिक्षा, कौशल, विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की रही और आईटीआई दौलतपुर उसी सोच को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आरएस बाली और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने युवाओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। आईटीआई दौलतपुर के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि पहले दिन करीब 1000 युवाओं ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 800 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया 15 सितंबर को भी जारी रहेगी।