मलकाना में 90 लाख की उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण, मलेंद्र राजन बोले—बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता

15 सितंबर: इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने मलकाना में जल शक्ति विभाग के तहत 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मलकाना में उठाऊ पेयजल योजना के शुरू होने से लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल, पेयजल सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि ठाकुरद्वारा-पराल सड़क एवं पुल के निर्माण के लिए नाबार्ड के तहत 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण 22 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। वहीं, इंदौरा से त्यौड़ा पुल के निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार है और आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोगों की जमीनों और घरों को बाढ़ के खतरे से बचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में एक भी नया क्रशर स्थापित नहीं होने दिया, ताकि लोगों की जमीनों, घरों और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।

उन्होंने मलकाना पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में अनाज मंडी खोलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है और इस दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे।

विधायक ने लोगों से अपील की कि पात्र परिवार बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए 20 सितंबर तक आवेदन करें। उन्होंने कहा कि जो पात्र परिवार अभी तक बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग संजय ठाकुर, एक्सईन जल शक्ति विभाग दविंदर सिंह, डीएसपी संजीव यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ बिजली बोर्ड शंकर दयाल, एसडीओपी राजीव बिंद्राल, पूर्व प्रधान तारा सिंह, मलकाना पंचायत प्रधान शारदा देवी, पूर्व प्रधान सीता देवी, विजय शर्मा, राणा प्रताप, नरेंद्र शर्मा, मनोहर सिंह, विजय कुमार, केवल कृष्ण तथा विजेंद्र पठानिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *