15 सितंबर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं में आयोजित जोनल अंडर-19 पुरुष खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह बारिश के बीच भी पूरे उत्साह के साथ हुआ। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शिरकत की। बारिश के बावजूद उन्होंने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के साथ नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों के साथ उनका यह सहज अंदाज समारोह का खास आकर्षण रहा।
आरएस बाली ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। प्रदेश सरकार स्कूलों में खेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।
आरएस बाली ने बताया कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के सुदृढ़ीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेलों की सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं के लिए 5 लाख रुपये, एक कबड्डी मैट और दो सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि नगरोटा महाविद्यालय में जल्द ही पीजीडीसीए (PGDCA) की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा से जुड़ा व्यावसायिक पाठ्यक्रम अपने ही क्षेत्र में करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल और कंप्यूटर शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगभूषण ने बताया कि प्रतियोगिता में छह विभिन्न खेलों में 29 स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जोनल स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में पठियार स्कूल विजेता और नगरोटा बगवां स्कूल उपविजेता रहा। बैडमिंटन में होलीफील्ड पठियार स्कूल ने पहला और समलोटी स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में नगरोटा स्कूल विजेता और जंदराह स्कूल उपविजेता रहा। चैस में होलीफील्ड स्कूल विजेता तथा बड़ोह स्कूल उपविजेता रहा। रेसलिंग में पठियार स्कूल ने पहला और धलूं स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। मार्च पास्ट में जसाई स्कूल प्रथम रहा।
समापन समारोह में आरएस बाली ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य जगभूषण, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, शारीरिक शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, खिलाड़ी विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। आरएस बाली ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और एक-दूसरे का सम्मान करने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।