आज विजिलेंस के सामने पेश होंगे विधायक सुधीर शर्मा, आय से अधिक संपत्ति मामले में तलब

13 अगस्त: धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। विधायक को गुरुवार सुबह 11 बजे धर्मशाला थाने में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

विजिलेंस ब्यूरो ने यह कार्रवाई 29 जुलाई 2026 को दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की है। जांच अधिकारी निरीक्षक नरेश कुमार ने नोटिस के जरिए विधायक से उनकी संपत्तियों और आय के स्रोतों से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। जांच का प्रमुख फोकस वर्ष 2015-16 के आयकर रिटर्न में दर्शाई गई आय पर है।

विजिलेंस ने अन्य स्रोतों से घोषित 70,84,858 रुपये की आय की पुष्टि के लिए डीमैट अकाउंट स्टेटमेंट, ब्रोकर कॉन्ट्रैक्ट नोट और बैंकिंग रिकॉर्ड मांगे हैं। इसके अलावा जमीन की बिक्री से प्राप्त 74,07,000 रुपये से संबंधित मूल टाइटल दस्तावेज, सेल डीड और बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।

जांच के दायरे में विधायक का रक्कड़ स्थित मकान भी बताया जा रहा है। इसके साथ ही जांच अवधि के दौरान विधायक और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर भारत या विदेश में मौजूद चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, लॉकर, निवेश, वाहनों की खरीद और ऋण से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी भी मांगी गई है।

विजिलेंस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 35 की उपधाराओं (3) और (4) के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *