9 जून : हमीरपुर में सोमवार को हमीर भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला हमीरपुर के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत अधिक से अधिक बजट लाने के लिए सक्रियता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में कोई समस्या है तो उसका फीडबैक और सुझाव समय पर साझा किए जाएं। उन्होंने विभागों को अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं की चेकलिस्ट तैयार रखने की भी सलाह दी, ताकि अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद भी कार्यों की निरंतरता बनी रहे।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने नशा उपचार केंद्रों, टीबी मुक्त अभियान और जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज के नए परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा इसकी विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को उपचार के साथ-साथ रोगों की रोकथाम और समग्र स्वास्थ्य सुधार पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
बैठक में जल शक्ति विभाग को सिंचाई योजनाओं के प्रभाव और किसानों की आय में हुए बदलाव पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने तथा जिले में अधिक से अधिक चेक डैम बनाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए। सांसद ने बताया कि सांसद निधि से स्वीकृत 385 विकास कार्यों में से 311 पूरे हो चुके हैं, जबकि 57 कार्य प्रगति पर हैं। शेष कार्यों में यदि कोई बाधा है तो उसकी जानकारी तुरंत उपलब्ध करवाई जाए।
बैठक में शिमला-मटौर फोरलेन, हमीरपुर बाईपास, हमीरपुर-अवाहदेवी-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, शहरी एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ और विधायक इंद्र दत्त लखनपाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।