8 जून: तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ-साथ पार्टी छोड़ने की भी घोषणा कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मुद्दों पर खुलकर बोलने के कारण उन्हें पार्टी में अलग-थलग कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार शुखेंदु शेखर रॉय ने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंप दिया। इस्तीफे के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व और संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
रॉय ने विपक्षी INDIA गठबंधन को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें इस गठबंधन का भविष्य मजबूत नजर नहीं आता। उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में अहम माना जा रहा है।
शुखेंदु शेखर रॉय के इस्तीफे को पश्चिम बंगाल की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। फिलहाल टीएमसी की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।