8 जून: धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में 13 जून को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के पहले एकदिवसीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आईपीएल के रोमांच के बाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी से प्रशंसकों में खासा उत्साह है। मैच से छह दिन पहले ही टिकटों की ऑनलाइन बिक्री तेज हो गई है और कई श्रेणियों की टिकटें लगभग समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई हैं।
जानकारी के अनुसार नॉर्थ-1, नॉर्थ-2, वेस्ट स्टैंड-3, ईस्ट स्टैंड-1 और ईस्ट स्टैंड-2 की 2000 रुपये कीमत वाली टिकटों की भारी मांग रही है। वहीं वेस्ट स्टैंड-2 की 2000 रुपये वाली टिकटें भी तेजी से बिक रही हैं और रविवार शाम तक इस श्रेणी में केवल 15 से 20 टिकटें ही बची थीं।
नॉर्थ पैवेलियन स्टैंड की टिकट 4500 रुपये, वेस्ट स्टैंड-1 और ईस्ट स्टैंड-3 की टिकटें 6500 रुपये में उपलब्ध हैं। इसके अलावा पैवेलियन टैरेस की टिकट 10 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि सबसे प्रीमियम क्लब लाउंज श्रेणी की टिकट 12,500 रुपये में उपलब्ध है। रविवार शाम तक क्लब लाउंज की अधिकांश टिकटें भी बिक चुकी थीं, जिससे साफ है कि धर्मशाला में होने वाले इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह बना हुआ है।