DAV आलमपुर के 11वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

23 जून : थाना सुजानपुर के तहत पटलांदर में 16 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। छात्र DAV आलमपुर में 11वीं कक्षा का विद्यार्थी था। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब परिजन उठे और उसे कमरे में फंदे से लटका पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात छात्र अपने माता-पिता के साथ कमरे में पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। परिजनों का आरोप है कि नोट में छात्र ने स्कूल के कुछ शिक्षकों द्वारा मारपीट किए जाने का उल्लेख किया है। हालांकि, पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए। लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों तथा आरोपों की पुष्टि की जा सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *