30 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश की प्रतिष्ठित अटल टनल रोहतांग में यातायात नियमों की अनदेखी एक पर्यटक को भारी पड़ गई। टनल के भीतर खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर उत्तर प्रदेश के एक पर्यटक का 3500 रुपये का चालान काटा गया है।
यह कार्रवाई मनाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की। वीडियो में साफ देखा गया कि UP-81-DZ-6835 नंबर की कार टनल के अंदर गलत लेन में जाकर अन्य वाहनों को ओवरटेक कर रही थी, जो गंभीर हादसे का कारण बन सकता था।
जांच के दौरान पता चला कि यह वाहन उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी अक्षय कुमार के नाम पर पंजीकृत है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान जारी किया।
इस संबंध में मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है, जहां ओवरटेकिंग, वाहन रोकना, सनरूफ से बाहर निकलना और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
उन्होंने बताया कि टनल के साउथ पोर्टल पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार पर्यटकों को नियमों के प्रति जागरूक करते हैं। साथ ही टनल के भीतर सीसीटीवी कैमरों और साइन बोर्ड के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
डीएसपी ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।