चिंतपूर्णी हादसे ने उजागर की लापरवाही, क्रैश बैरियर न होने से खाई में गिरी कार, दो की मौत

30 अप्रैल: चिंतपूर्णी क्षेत्र के भरवाईं के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां तीखा मोड़ और करीब 200 फीट गहरी खाई होने के बावजूद कोई पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। यदि सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगे होते तो कार के खाई में गिरने से बचने की संभावना थी।

जानकारी के अनुसार बुधवार को चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर यह हादसा पेश आया। तेज रफ्तार और कार में अचानक तकनीकी खराबी या धमाके की आशंका के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार गहरी खाई में जा गिरी।

खाई में गिरने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार हादसे के दौरान कार से बाहर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार हादसे से करीब एक घंटा पहले उक्त कार का नैहरनपुखर क्षेत्र में ओवरस्पीड का चालान हुआ था। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसा स्थल पर क्रैश बैरियर नहीं थे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई ऐसे खतरनाक मोड़ हैं जहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर जल्द से जल्द क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *