27 जुलाई को ऊना में होगा जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम

23 जुलाई: युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ की जिला सलाहकार समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता, कौशल प्रशिक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान को जिला स्तर पर व्यापक रूप से चलाया जाए तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ा जाए।

उन्होंने बताया कि 27 जुलाई 2026 को हिमकेप्स संस्थान, बढेड़ा में जिला स्तरीय ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।

बैठक में वर्ष 2026-27 की जिला कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, बैंकिंग, आंगनवाड़ी, संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने सुझाव दिए और भविष्य में भी पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक की शुरुआत जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने स्वागत भाषण के साथ की। उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी भी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *