23 जुलाई: धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की बोह घाटी में दो दिन पहले बादल फटने से हुई भारी तबाही के बाद अब राहत कार्यों के साथ प्रभावित परिवारों की मदद का सिलसिला भी शुरू हो गया है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने बुधवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा ने अपनी ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि वे अपनी तत्काल जरूरतों को पूरा कर सकें। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले बोह घाटी में बादल फटने से भारी तबाही मची थी। तेज बहाव के साथ आए मलबे और सैलाब में कई मकान बह गए, जिससे अनेक परिवार बेघर हो गए और उनके सामने आजीविका तथा रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई।
आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद सुधीर शर्मा ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी करने तथा बिना किसी देरी के हर जरूरतमंद तक सरकारी सहायता पहुंचाने की मांग की।