23 जुलाई: राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और “चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी” अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र के नसलोह और सदर विधानसभा क्षेत्र के जनेहड़ गांव में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में आकार थिएटर सोसायटी के कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
इस दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, विधवा, एकल एवं परित्यक्ता महिलाओं तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र युवाओं के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत एक वर्षीय पीजीडीसीए और डीसीए पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता और प्लेसमेंट स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाता है।
कलाकारों ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना और इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
नुक्कड़ नाटकों और प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नसलोह की प्रधान मथरा देवी, उपप्रधान यादव लाल ठाकुर, ग्राम पंचायत जनेहड़ की प्रधान स्नेह लता, उपप्रधान सुरेश कुमार, पंचायत सचिव तनुज शर्मा, वार्ड सदस्य जमुना देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।