हमीरपुर के पुराने गर्ल्स स्कूल की बहाली पर खुशी, सामाजिक संगठनों ने जताया आभार

22 जुलाई: जिला मुख्यालय स्थित पुराने गर्ल्स स्कूल को को-एजुकेशनल बनाकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में संचालित करने के निर्णय का शहरभर में स्वागत किया जा रहा है। व्यापार मंडल, विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षक संघों, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और स्थानीय लोगों ने इस फैसले पर खुशी जताई।

बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और शहरवासियों ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जनभावनाओं और लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित निर्णय लेते हैं। पुराने गर्ल्स स्कूल को लेकर लिया गया निर्णय भी स्थानीय लोगों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखकर किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों का आकलन कर रहे हैं, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमीत ठाकुर, राजेंद्र सोनी, व्यवसायी नंदा, एसएमसी अध्यक्ष मंजू देवी और प्रधानाचार्य पूनम चौहान सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और मुख्यमंत्री तथा सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, एचपीएमसी के बीओडी सदस्य राजेश ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व पार्षद, व्यापार मंडल, विभिन्न सामाजिक संगठनों, एसएमसी और शिक्षक संघों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *