22 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (यूआईएलएस) के नए अकादमिक ब्लॉक का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा समाज की बौद्धिक शक्ति और लोकतांत्रिक चेतना का मजबूत आधार है, जबकि विधि शिक्षा न्याय, संवैधानिक मूल्यों और उत्तरदायित्व की भावना को और सशक्त बनाती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय उनका मातृ संस्थान है और इसकी प्रगति व विस्तार का हर नया कदम उनके लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादों का भी उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय से जुड़ाव व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नया अकादमिक ब्लॉक विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर शिक्षण, अध्ययन और अनुसंधान के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह भवन विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा को नई दिशा देने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा को भी मजबूती प्रदान करेगा।