एचपीयू के स्थापना दिवस पर बोले सीएम सुक्खू, शिक्षा को AI और अनुसंधान से जोड़ने की जरूरत

22 जुलाई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय उनके लिए केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि उनकी यादों और प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी एलएलबी की पढ़ाई इसी विश्वविद्यालय से की है और यहां बिताया हर पल आज भी उन्हें प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में शिक्षा को विज्ञान, अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों को इन क्षेत्रों में आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूरा उपयोग पढ़ाई और अनुसंधान में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, उपलब्धियां और सफलता ही हिमाचल प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समग्र विकास, बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *