22 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के प्रवेश द्वार परवाणू स्थित ओल्ड बैरियर टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात हिट एंड रन की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक तेज रफ्तार कार चालक ने टोल शुल्क के लिए गाड़ी रोकने के इशारे पर वाहन नहीं रोका, बल्कि टोल कर्मी को जानबूझकर टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मचारी गुरविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में गहरी चोट आई है और पेट में भी अंदरूनी चोटें बताई जा रही हैं। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
आरोपी चालक मौके से फरार होने में सफल रहा, लेकिन टोल प्लाजा के फास्टैग रीडर में उसकी कार का नंबर दर्ज हो गया। इसी आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में वाहन और आरोपी की पहचान कर ली।
परवाणू के डीएसपी अनिल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। घटना में इस्तेमाल हरियाणा नंबर की कार (HR 49-8316) को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान कालका (हरियाणा) के समीप मल्ला गांव निवासी के रूप में हुई है। उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।
घटना के बाद टोल कर्मचारियों में भारी रोष है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।