20 जुलाई : हाल ही में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में अपनी जान गंवाने वाले हमीरपुर जिला के गलोड़ क्षेत्र के स्वर्गीय आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने परिवार सहित मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जवान बेटे का असमय निधन किसी भी परिवार के लिए असहनीय पीड़ा है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार और पूरा हिमाचल परिवार के साथ खड़ा है।
इस दौरान परिजनों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि स्वर्गीय आदित्य शर्मा की असामयिक मृत्यु के मामले को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए। उनका कहना था कि अब तक इस मामले में अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी तथा परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।