20 जुलाई: प्रदेश सरकार जिला अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि लोगों को जांच और उपचार के लिए दूर-दराज़ के अस्पतालों का रुख न करना पड़े। इसी कड़ी में कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, सोलन सहित प्रदेश के आठ अस्पतालों में 1.5 टेस्ला एमआरआई (MRI) मशीनें स्थापित की जाएंगी।
इसके अलावा नाहन, हमीरपुर, बिलासपुर, धर्मशाला और सोलन के अस्पतालों में डिजिटल मैमोग्राफी की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे स्तन कैंसर की जांच पहले से अधिक सुलभ और प्रभावी हो सकेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है। इनमें से 14 मशीनें पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं और जल्द ही अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर जांच और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने जिले में ही उपलब्ध हों, जिससे समय, धन और अनावश्यक भागदौड़ की बचत हो तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।