10 जुलाई: उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का समर्पित प्रयास ही भविष्य की सफलता की मजबूत नींव बनता है।
शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगला की जमा एक और जमा दो की छात्राओं के लिए आयोजित एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद किया।
अपूर्व देवगन ने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए नियमित और योजनाबद्ध अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उपायुक्त से शिक्षा, करियर और भविष्य की योजनाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया।
एक्सपोजर विजिट के तहत छात्राओं ने भारतीय स्टेट बैंक की गांधी चौक शाखा का भी भ्रमण किया। यहां बैंक अधिकारियों ने वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, बचत की आदत, आर्थिक सशक्तिकरण और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद छात्राओं ने महिला पुलिस थाना भ्यूली का दौरा किया, जहां उन्हें महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
छात्राओं ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है, जो उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य के लिए बेहद उपयोगी है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अजय बद्रेल, बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार सैनी तथा विद्यालय के अध्यापक भी उपस्थित रहे।