10 जुलाई: महिला एवं बाल विकास विभाग की बाल विकास परियोजना चौंतड़ा के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डोहग में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ चौंतड़ा बालम राम वर्मा ने की, जबकि प्रधानाचार्य दुर्गा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक संतोष कुमारी ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के सही तरीकों से भी अवगत कराया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने कन्या भ्रूण हत्या और भ्रूण के लिंग परीक्षण को कानूनन अपराध बताते हुए इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
सीडीपीओ बालम राम वर्मा ने कहा कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए समाज में जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा इनका लाभ उठाने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।