शिमला में खुदाई पर प्रशासन सख्त, हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन के दिए आदेश

10 जुलाई: न्यू शिमला में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने के लिए चल रही खुदाई से उत्पन्न यातायात अव्यवस्था और लोगों को हो रही परेशानी के बीच जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता, स्कूली विद्यार्थियों और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों की सुविधा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और भविष्य में ऐसी परियोजनाओं के दौरान लोगों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि खुदाई से प्रभावित सड़क को बहाल कर दिया गया है। वहीं, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, विद्युत बोर्ड और संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को न्यू शिमला मार्ग पर छोटी बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक यातायात चंद्रशेखर, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एचआरटीसी, विद्युत बोर्ड, संबंधित दूरसंचार कंपनी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *