6 जुलाई: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत संगठनात्मक जिला सुंदरनगर द्वारा नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर स्थित म्याह माता मंदिर भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हो गया। समापन सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अनुराग ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने, विकास कार्यों में ठहराव, वादाखिलाफी और प्रशासनिक विफलताओं का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि वे तथ्यों के आधार पर सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखें। साथ ही पूर्व भाजपा सरकार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी भी घर-घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध कार्यकर्ता हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र को सर्वोपरि, पार्टी को दूसरे स्थान पर और स्वयं को तीसरे स्थान पर रखकर कार्य करता है। यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन के विधायक विनोद कुमार, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, रजत ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा लाल सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।