बैजनाथ में शहीद अक्षित शर्मा पार्क एवं पार्किंग का विधायक किशोरी लाल ने किया शिलान्यास

15 अक्तूबर: विधायक किशोरी लाल ने आज नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला द्वारा निर्मित किए जाने वाले शहीद अक्षित शर्मा पार्क एवं पार्किंग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद अक्षित शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद अक्षित शर्मा का बलिदान राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। उनकी स्मृति में बनने वाला यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देगा।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को गति दी जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास जल्द किया जाएगा। स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्राप्त होंगे।

विधायक ने कहा कि उस्तेहड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को घर के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहीद अक्षित शर्मा पार्क एवं पार्किंग का निर्माण नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे एक ओर शहीद की स्मृति को संजोकर रखा जाएगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, शहीद अक्षित शर्मा के पिता विजय शर्मा और माता रेणु शर्मा, प्रदेश एससी सेल के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव रविंदर राव, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, नागेंद्र कटोच, कांता देवी, रणजीत राणा, सोनू कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *