चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, अग्रणी संगठनों की कार्यकारिणी का जल्द होगा गठन

6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, अनुसूचित जाति कांग्रेस और अल्पसंख्यक विभाग के राज्य पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में संगठन को मजबूत करने, कार्यकारिणी के गठन और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठकों के दौरान रजनी पाटिल ने सभी अग्रणी संगठनों और विभागों की राज्य कार्यकारिणी का जल्द गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत नए कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाए और कार्यकारिणी में निष्ठावान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही सभी पदाधिकारियों को हर माह निर्धारित तिथि पर नियमित बैठकें आयोजित करने और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने को कहा गया।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी और संगठन महासचिव विनोद जिंटा भी मौजूद रहे।

रजनी पाटिल ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने तथा संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस ने हाल ही में नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद पहली आमसभा आयोजित कर जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रोडमैप पर चर्चा की थी। अब अग्रणी संगठनों और विभागों की बैठकों के माध्यम से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अगला कदम उठाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *