4 जुलाई: सक्षम गुड़िया बोर्ड की उपाध्यक्ष अरुणा महाजन ने शुक्रवार को नाहन स्थित कल्याण भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
अरुणा महाजन ने कहा कि सक्षम गुड़िया बोर्ड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, कानूनी जागरूकता तथा सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि गुड़िया हेल्पलाइन-1515 के माध्यम से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, समयबद्ध संचालन तथा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि जिले के 1,486 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 12,617 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 26,533 बच्चों को पोषाहार और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और जिले का जन्म के समय लिंगानुपात बढ़कर 1018 हो गया है, जो पिछले वर्ष के 957 की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारियों, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रमा रेक्टा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।