गगल एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण अंतिम चरण में, प्रभावितों को मिली राहत

4 जुलाई: गगल एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित विस्तारीकरण परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार को पर्यटन अधिकारी विनय धीमान, भूमि अधिग्रहण अधिकारी एवं एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल, एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मुहाल रच्छियालू पहुंची, जहां अधिग्रहित भूमि पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस दौरान पंचायत प्रधान रोशन लाल, उपप्रधान दीप कुमार जोनी, वार्ड सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि गगल एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परियोजना से प्रभावित सात मुहालों के लिए पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन राहत राशि पहले ही घोषित की जा चुकी है।

अधिकारियों के अनुसार मुहाल रच्छियालू में प्रशासनिक प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है और प्रभावित परिवारों के घरों व भवनों पर नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में घर और घरेलू सामान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने में आने वाली दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण सामान को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना मुश्किल होगा।

ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों को राहत देने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों को अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए बारिश समाप्त होने तक का अतिरिक्त समय दिया गया है। इसके बाद ही भूमि पर कब्जा लेने की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से परियोजना में सहयोग करने और निर्धारित समय के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *