सीबीएसई स्कूलों में मेरिट आधारित नियुक्तियों पर आज होगी अहम बैठक

1 जुलाई: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल शिक्षा बोर्ड से सीबीएसई में परिवर्तित किए गए स्कूलों में मेरिट के आधार पर नियुक्तियों के मुद्दे पर कैबिनेट सब कमेटी की बैठक बुधवार को सचिवालय में आयोजित होगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर अब तक की प्रक्रिया और लिए गए निर्णयों पर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद सब कमेटी अपनी सिफारिशें मंत्रिमंडल को सौंपेगी।

सीबीएसई स्कूलों में मेरिट के आधार पर नियुक्ति को लेकर गठित इस कैबिनेट सब कमेटी में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी सदस्य हैं, जबकि शिक्षा सचिव इसके सदस्य सचिव हैं। सरकार ने सब कमेटी को निर्णय लेने के लिए दस दिन का समय दिया है।

फिलहाल चयन परीक्षा के आधार पर चयनित प्रिंसिपलों और इन-सर्विस शिक्षकों को नियुक्ति का इंतजार है। अभी तक इन नियुक्तियों पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।

इस मामले को लेकर सभी की निगाहें कैबिनेट सब कमेटी की पहली बैठक पर टिकी हैं। इससे पहले मंत्रिमंडल की बैठक में इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आई थी। कुछ मंत्रियों ने विधायकों से मिले फीडबैक के आधार पर मेरिट आधारित नियुक्तियों पर आपत्ति जताई थी, जबकि मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव शुरुआत से ही मेरिट के आधार पर नियुक्ति की बात करते रहे हैं। इसी असमंजस के कारण 30 जून तक सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की समय-सीमा भी पूरी नहीं हो सकी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *