चंपत राय से हमारा कोई लेना-देना नहीं’, श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के आचार्य धर्मदास महाराज का बड़ा बयान

30 जून : अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के महंत आचार्य धर्मदास महाराज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनका चंपत राय से कोई लेना-देना नहीं है और वह इस विषय पर फिलहाल किसी का नाम लेकर टिप्पणी नहीं करना चाहते।

आचार्य धर्मदास महाराज ने बताया कि प्रस्तावित प्रेस वार्ता फिलहाल स्थगित कर दी गई है और अब इसे दो-तीन दिन बाद आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता के माध्यम से वह राम जन्मभूमि की व्यवस्थाओं और पूजा-पाठ की परंपराओं को लेकर अपनी बात रखना चाहते हैं। उनका कहना है कि मंदिर में पहले की तरह साधु-संतों की भूमिका को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेस कांफ्रेंस किसी दबाव में रद्द नहीं की गई, बल्कि व्यस्तता के कारण इसे आगे बढ़ाया गया है। आचार्य धर्मदास ने कहा कि वे किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जिसने भी हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है, उसके खिलाफ पूरे देश में नाराजगी है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष का नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि “गंदगी का प्रचार नहीं करना चाहिए।”

चंपत राय को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत ने कहा, “चंपत राय से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।” साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके रहते भ्रष्टाचार करने वाला कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकता।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी आचार्य धर्मदास महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कई लोगों ने बलिदान दिया और अब राजनीतिक दलों द्वारा इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *