ज्योति के इलाज को आगे आए अंतरराष्ट्रीय धावक वीरेंद्र सिंह, चैरिटी रन से जुटाएंगे आर्थिक सहायता

30 जून , रवि दत्त भारद्वाज :जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के खालटू गांव की गंभीर बीमारी से जूझ रही बेटी ज्योति तोमर के उपचार के लिए अब समाज से सहयोग जुटाने की पहल शुरू हो गई है। अंतरराष्ट्रीय धावक वीरेंद्र सिंह ने ज्योति के इलाज के लिए चैरिटी रन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर उपचार के लिए आर्थिक सहायता एकत्र करना है।

वीरेंद्र सिंह ने समाजसेवियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों से इस मानवीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करे, क्योंकि छोटी-सी मदद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती है। उनके अनुसार यह केवल आर्थिक सहयोग का अभियान नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यदि समाज एकजुट होकर आगे आए तो ज्योति तोमर के बेहतर उपचार का मार्ग अवश्य प्रशस्त होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनने और एक बेटी के जीवन को बचाने में अपना योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानवता की सबसे बड़ी पहचान जरूरतमंद के कठिन समय में उसके साथ खड़े होना है और यही संदेश इस चैरिटी रन के माध्यम से समाज तक पहुंचाया जाएगा।

ज्योति तोमर के इलाज के लिए शुरू की गई यह पहल अब जनसहयोग की प्रतीक्षा कर रही है। यदि समाज एकजुट होकर आगे आता है तो यह अभियान न केवल उनके उपचार में मददगार साबित होगा, बल्कि मानवता और सामाजिक एकता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी बनेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *