डीएवी राजगढ़ में पहली बार जूनियर विंग इन्वेस्टीचर समारोह, नन्हे नेताओं को मिली जिम्मेदारियां

26 जून , रवि दत्त भारद्वाज : डीएवी पब्लिक स्कूल राजगढ़ में विद्यालय के इतिहास में पहली बार जूनियर विंग इन्वेस्टीचर समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न नेतृत्व पदों की जिम्मेदारियां सौंपकर उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

समारोह में एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर मुख्य अतिथि तथा विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्या रीमा मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत के साथ हुआ, जिसके बाद नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर उनके दायित्व सौंपे गए।

जूनियर विंग में उत्सव कौशल को हेड बॉय और आरुषि गिल को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। अंशिका और स्नेहा को ईको क्लब, जबकि लक्ष्य और स्वातिका को स्पोर्ट्स कैप्टन की जिम्मेदारी दी गई।

चारों हाउसों की भी नई नेतृत्व टीम घोषित की गई। हंसराज हाउस का नेतृत्व कार्तिक सूरी और जाह्नवी, टैगोर हाउस का आयुष भाटिया और सृष्टि वर्मा, श्रद्धानंद हाउस का अनीश भागनाल और अंजलि तथा दयानंद हाउस का इंदरप्रीत सिंह और सिमरन को सौंपा गया। सभी पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ ली।

मुख्य अतिथि एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने की कला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन अपनाने, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और सकारात्मक सोच बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि किसी विद्यार्थी के नशे की ओर बढ़ने की जानकारी मिले तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों तक पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर सही कदम उठाकर बच्चे का भविष्य संवारा जा सके।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व प्रधानाचार्या रीमा मल्होत्रा ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय कर मेहनत से उन्हें हासिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और इसकी प्रगति देखकर उन्हें गर्व होता है।

अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की नई ऊर्जा का संचार किया।

बाइट: राजकुमार ठाकुर, एसडीएम राजगढ़

“आज बच्चों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हर विद्यार्थी के भीतर नेतृत्व की क्षमता होती है, जिसे सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। साथ ही मैं सभी बच्चों से आग्रह करता हूं कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें और यदि किसी साथी के गलत रास्ते पर जाने की जानकारी मिले तो उसे समय रहते अभिभावकों और शिक्षकों तक अवश्य पहुंचाएं।”

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *