26 जून: चंबा जिले की उपतहसील धरवाला के तहत कलामला पंचायत में पति-पत्नी की गहरी ढांक में गिरकर नाले में जाने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार दिले राम ने मृतक दंपति के परिजनों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत भी प्रदान की है।
जानकारी के अनुसार दाडवीं पंचायत के उआ गांव का गोरख अपनी पत्नी सुषमा के साथ गुरुवार को कलामला स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। रास्ते में गोरख का पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरी ढांक में गिर गया। पति को गिरता देख पत्नी ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी फिसलकर नीचे नाले में गिर गई। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शवों को नाले से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।