25 जून : चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहने पर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। यूथ कांग्रेस ने पहले ही प्रदर्शन की घोषणा की थी और कार्यकर्ताओं को सेक्टर-19 में एकत्र होने के लिए कहा गया था, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया।
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसके लिए शिक्षा मंत्री को जिम्मेदारी लेते हुए युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि जो भी सरकार से सवाल पूछता है, उसे अलग-अलग नाम देकर बदनाम करने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहने की बात दोहराई।
धर्मेंद्र प्रधान चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आपातकाल की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। भाजपा की ओर से देशभर में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।